शिक्षक दिवस के अवसर पर वर्तमान शिक्षक करेंगे अपने वरिष्ठ शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा जगत में उत्साह…
बिलाईगढ़:-शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर पंचायत पवनी में एक विशेष एवं गरिमामय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। नगर पंचायत पवनी क्षेत्र के समस्त सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान के लिए यह कार्यक्रम स्कूल मैदान स्थित प्रयोगशाला कक्ष में आयोजित किया जाएगा।
आयोजन समिति के पदमन साहू एवं कोमल साहू ने बताया कि पवनी में इस तरह का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि वर्तमान में कार्यरत समस्त शिक्षक अपने सेवाकाल में शिक्षा की अलख जगाने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान करेंगे।
सेवानिवृत्त शिक्षक अपने लंबे सेवाकाल में हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। ऐसे शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित यह समारोह नई पीढ़ी के शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायी माना जा रहा है।
आयोजन को लेकर पवनी के शिक्षा जगत में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शिक्षक दिवस के अवसर पर होने वाला यह कार्यक्रम गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान और शिक्षकों के योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के शिक्षकों एवं शिक्षा से जुड़े लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।








Users Today : 0
Users Yesterday : 6
Users Last 7 days : 56
Users Last 30 days : 561