बिलाईगढ़-छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा सरसीवा के तत्वावधान में बुधवार को बैंक परिसर में बुजुर्ग पेंशनर संघ के सदस्यों के लिए एक आवश्यक संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पेंशनरों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल सुरक्षा तथा विभिन्न वित्तीय सुविधाओं के संबंध में जागरूक करना था।
कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक एवं बैंक अधिकारियों ने उपस्थित पेंशनरों को वर्तमान समय में बढ़ रहे डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने एटीएम कार्ड के सुरक्षित उपयोग, मोबाइल बैंकिंग, विभिन्न ऑनलाइन एप्स के उपयोग में बरती जाने वाली सावधानियों तथा अपनी निजी एवं बैंकिंग जानकारी किसी अन्य व्यक्ति से साझा न करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए।
इस अवसर पर बैंक द्वारा पेंशनरों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं, योजनाओं, ऋण सेवाओं तथा जमा राशि पर मिलने वाले अतिरिक्त ब्याज संबंधी लाभों की जानकारी भी दी गई। संवाद सत्र के दौरान शाखा प्रबंधक ने उपस्थित पेंशनरों से बैंकिंग सेवाओं में सुधार के लिए सुझाव आमंत्रित किए। इस पर श्री बी.एल. चंद्राकर, श्री पांडेय, श्री खटकर सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने अपने विचार साझा किए तथा बैंक की इस पहल की सराहना की।
पेंशनर संघ सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अध्यक्ष श्री बी.एल. चंद्राकर ने बैंक द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को पेंशनरों के हित में एक सराहनीय एवं उपयोगी पहल बताते हुए शाखा प्रबंधक एवं समस्त बैंक स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन वरिष्ठ नागरिकों और बैंक के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी पेंशनरों का सम्मान किया गया। स्वल्पाहार एवं सामूहिक फोटो सत्र के पश्चात कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।










Users Today : 0
Users Yesterday : 7
Users Last 7 days : 31
Users Last 30 days : 183