बिलाईगढ़-बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोविंदवन में घरेलू विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी पर बांस के डंडे से लगातार प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे सारंगढ़ उप जेल भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को ग्राम गोविंदवन निवासी परमेश्वर साहू ने अपनी पत्नी देवंतीन साहू के सिर पर बांस के डंडे से लगातार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में भर्ती कराया। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बिलाईगढ़, एफएसएल टीम तथा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इलाज के दौरान महिला की मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ दी गई।
पूछताछ में आरोपी परमेश्वर साहू ने बताया कि उसकी पत्नी शराब के नशे में उसे और उसके परिजनों को गाली-गलौज कर रही थी। समझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी, तब आरोपी, जो स्वयं भी नशे में था, ने गुस्से में बांस के डंडे से उसके सिर पर लगातार वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में सारंगढ़ उप जेल भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से घरेलू विवाद और नशे की स्थिति में हिंसा से बचने तथा कानून का पालन करने की अपील की है।










Users Today : 18
Users Yesterday : 7
Users Last 7 days : 49
Users Last 30 days : 201