कसडोल-थाना क्षेत्र में ग्राम डाढाखार में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक इतवारी राम पैकरा (55) को 7 अप्रैल 2025 को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया था, जहां 8 अप्रैल 2025 को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें किसी ठोस वस्तु से सिर पर घातक वार किए जाने की पुष्टि हुई।
जांच के आधार पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और स्वतंत्र गवाहों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि आरोपी नरेश पैकरा (42) ने पुरानी रंजिश और पंच चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात को लेकर मृतक से विवाद किया। गाली-गलौज के दौरान आरोपी ने पास पड़े लकड़ी के डंडे से मृतक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के समय मौजूद कुछ लोगों को आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण शुरू में घटना की जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने 14 फरवरी 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।









Users Today : 14
Users Yesterday : 201
Users Last 7 days : 1405
Users Last 30 days : 3266