सीने और पेट पर किए गए थे चाकू से ताबड़तोड़ वार, एक ने पैर तो दूसरे ने पकड़े थे हाथ; पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और जले कपड़ों के अवशेष किए बरामद…
सारंगढ़:-जिले के कोसीर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भांठागांव में युवक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुरानी रंजिश के चलते चाकू से वार कर युवक की हत्या करने वाले तीन संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के बाद जलाए गए कपड़ों के अवशेष भी बरामद किए हैं।
खून से लथपथ मिला था युवक का शव...
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक संजय सुमन के पिता रामप्रसाद सुमन ने बताया कि उनका पुत्र ग्राम भांठागांव में रंजीता तालाब के नीचे मुख्य मार्ग के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला था। उसके सीने, पेट, पसली और बाएं हाथ की कलाई के पास धारदार हथियार से गंभीर चोटें थीं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई थी।
जिला अस्पताल सारंगढ़ से प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु का कारण चाकू के घावों से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात (हेमरेजिक शॉक) बताया तथा मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक होना पाया। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह…
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी श्री गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
विवेचना के दौरान साहिल सुमन, पंकज जोल्हे एवं एक अपचारी बालक की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में पता चला कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच संजय सुमन अपने दोस्त ओमप्रकाश उर्फ धोंडू के घर से साइकिल लेकर अपने घर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान पुराने विवाद की रंजिश को लेकर तीनों उसका पीछा कर रहे थे।
बताया गया कि तीनों स्कूटी से संजय का पीछा करते हुए हीरा हार्डवेयर के आगे पहुंचे। वहां साहिल ने स्कूटी रोककर कमर में रखा चाकू निकाला और संजय के सीने एवं पेट पर वार कर दिए। इस दौरान पंकज जोल्हे ने संजय के पैर पकड़ रखे थे, जबकि अपचारी बालक ने उसके हाथ पकड़ रखे थे। मुख्य मार्ग पर वाहनों की लाइट दिखाई देने पर तीनों मौके से फरार हो गए।पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोसीर निरीक्षक आर.एन. साय, पीएसआई नेहा चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक भीम सेन सिदार, जयराम साहू, छत्रपति जोल्हे तथा आरक्षक धनसाय कुर्रे, विकास पटेल, सुरेश बर्मन, उमेश जांगड़े सहित थाना कोसीर के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।




