बिजली के पोल से टकराने के बाद सड़क किनारे पलटी मशीन, हादसे के बाद चालक और अन्य मजदूर मौके से नदारद…
बिलाईगढ़:-नगर पंचायत भटगांव के सिंघिचुआ मार्ग पर तड़के सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ढलाई कार्य के लिए जा रही मिक्सर मशीन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिक्सर मशीन सड़क किनारे पलट गई। हादसे में मशीन में सवार एक मजदूर की उसके नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान भोला साहू निवासी ग्राम नकटीडीह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, भोला साहू मिक्सर मशीन में सवार होकर ढलाई कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सिंघिचुआ मार्ग पर अचानक मशीन अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर से बिजली के पोल भी मुड़ गए और मजदूर मशीन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की तथा मामले की जांच में जुट गई।
हादसे के बाद एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है कि मिक्सर मशीन में सवार अन्य मजदूर और चालक घटनास्थल पर मौजूद नहीं मिले। वे कहां गए और हादसे के दौरान उन्हें चोटें आई हैं या नहीं, इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। चालक एवं मशीन में सवार अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।





