विकास कार्यों की घोषणा पर टिकी जनता की निगाहें…
बिलाईगढ़:-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दशहरा महोत्सव में शामिल होने बिलाईगढ़ पहुंच गए है।मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। महोत्सव में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उपस्थित है। इस दौरान क्षेत्र की जनता को मुख्यमंत्री से विकास कार्यों की महत्वपूर्ण घोषणाओं की उम्मीद है।
बिलाईगढ़ क्षेत्र के लोगों की निगाहें मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर टिकी हुई हैं। स्थानीय जनता को उम्मीद है कि इस प्रवास के दौरान क्षेत्र के विकास को गति देने वाली योजनाओं की सौगात मिलेगी। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी लोगों की अपेक्षाएं हैं।
वहीं, क्षेत्र के किसानों एवं आम जनता को पूर्व में घोषित बिलाईगढ़ और पवनी में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखाएं खुलने का बेसब्री से इंतजार है। इन शाखाओं के खुलने से किसानों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिलने तथा लेन-देन के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
दशहरा महोत्सव में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ के बीच अब क्षेत्रवासियों की नजरें मुख्यमंत्री के संबोधन और संभावित घोषणाओं पर लगी हुई हैं। जनता को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री बिलाईगढ़ के विकास के लिए ठोस पहल करेंगे और लंबे समय से प्रतीक्षित बैंक शाखाओं के संचालन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करेंगे।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री का यह प्रवास बिलाईगढ़ क्षेत्र के लिए विकास की नई सौगात लेकर आता है या जनता को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।




