जांजगीर-चांपा-जांजगीर-चांपा जिले में बीते दो दिनों से दहशत फैलाने वाले बदमाशों के गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद मास्टरमाइंड सहित कुल 8 आरोपियों को दबोच लिया है। यह मामला थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र से जुड़ा है, जहां 27 से 29 जनवरी की दरम्यानी रात बदमाशों ने लगातार पांच जगहों पर लूटपाट और जानलेवा हमलों की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, इन वारदातों में कुल 13 आम लोग घायल हुए थे, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। एक पीड़ित कोमा की स्थिति में है और उसका इलाज बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था और लोग रात के समय घर से निकलने में डर रहे थे। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने पहले चरण में 7 बदमाशों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि इन सभी वारदातों का मास्टरमाइंड एक कुख्यात बदमाश रामनाथ है, जो अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रामनाथ एक अन्य साथी के साथ इलाके में छिपा हुआ है और फरार होने की फिराक में है।
इसके बाद पुलिस ने देर रात इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी रामनाथ ने गिरफ्तारी से बचने के लिए देशी कट्टे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही आरोपी मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू में ले लिया। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर है और इलाज के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि अब तक इस गिरोह के कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से रात के समय सुनसान इलाकों को निशाना बनाकर लूटपाट और विरोध करने पर जानलेवा हमले करता था। बदमाशों का मकसद इलाके में दहशत फैलाकर आसानी से वारदातों को अंजाम देना था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार किसी अन्य जिले या राज्य से तो नहीं जुड़े हैं।









Users Today : 32
Users Yesterday : 201
Users Last 7 days : 1423
Users Last 30 days : 3284