बिलाईगढ़-“जीवन को देना है नए आयाम, तो नियमित करें योग-प्राणायाम” के संदेश के साथ विकासखंड चिन्हांकित ग्राम देवरहा में पांच दिवसीय निःशुल्क योग प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जारी है। यह शिविर छत्तीसगढ़ शासन के संचालनालय आयुष विभाग के तत्वावधान में आम जनता के स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
योग शिविर का आयोजन 27 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक शासकीय प्राथमिक शाला देवरहा परिसर में किया जा रहा है। शिविर में अनुभवी योग प्रशिक्षक द्वारा योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके।
आयोजन की जानकारी देते हुए डॉ अर्चना खटी ने बताया गया कि योग एक प्राचीन भारतीय वैदिक जीवन पद्धति होने के साथ-साथ पूर्णतः वैज्ञानिक प्रणाली भी है। महर्षि पतंजलि द्वारा रचित योगसूत्र में वर्णित “स्थिरं सुखं आसनम्” के अनुसार योगासन शरीर और मन को स्थिर, शांत एवं सुखी बनाने का माध्यम है। नियमित योग अभ्यास से जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।
शिविर में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को निर्धारित समय से 10 मिनट पूर्व पहुंचने, शौच क्रिया से निवृत्त होकर खाली पेट आने, ढीले व आरामदायक वस्त्र पहनने तथा अपनी चटाई, चादर एवं तौलिया साथ लाने का आग्रह किया गया है। साथ ही योग अभ्यास के दौरान अनावश्यक जोर न लगाने की सलाह दी गई है।
इस योग शिविर के प्रायोजक जिला आयुष अधिकारी डॉ. गोदावरी पैकरा (बलौदाबाजार) हैं, जबकि शिविर प्रभारी डॉ. अर्चना खटी, शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय परसाडीह द्वारा संचालन किया जाएगा। आयोजकों ने अधिकाधिक लोगों से सहभागिता कर “स्वस्थ भारत अभियान” को सफल बनाने की अपील की है।इस शिविर में योग प्रशिक्षक व्यास नारायण चौहान का विशेष सहयोग मिल रहा है।










Users Today : 41
Users Yesterday : 201
Users Last 7 days : 1432
Users Last 30 days : 3293