सारंगढ़-जिले में शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के मार्गदर्शन में कुष्ठ जांच खोज अभियान (LCDC) लगातार प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। यह अभियान जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी चलाया जा रहा है, ताकि कुष्ठ रोग की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक जिले में कुल 3,98,315 लोगों की जांच की जा चुकी है। इस दौरान 780 शंकास्पद कुष्ठ मरीजों की पहचान की गई, जिनमें से 680 मरीजों का सत्यापन पूर्ण कर लिया गया है। सत्यापन के बाद अब तक कुल 22 नए कुष्ठ रोगियों की पुष्टि हुई है। सभी चिन्हांकित मरीजों का पंजीयन कर मल्टी ड्रग थैरेपी (MDT) उपचार प्रारंभ कर दिया गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि चिन्हांकित 22 मरीजों में से 13 मरीज PB (पॉसिबैसिलरी) प्रकार के हैं, जिन्हें 6 माह तक नियमित दवा का सेवन करना होगा, जबकि 9 मरीज MB (मल्टीबैसिलरी) प्रकार के हैं, जिनका उपचार एक वर्ष तक MDT के माध्यम से किया जाएगा। समय पर उपचार शुरू होने से रोग की गंभीरता और संक्रमण फैलने की संभावना को कम किया जा सकता है।
आज सारंगढ़ शहरी क्षेत्र में चल रहे अभियान की क्रॉस चेकिंग के लिए CMHO कार्यालय से टीम पहुंची। शहरी क्षेत्र में मितानिनों की कमी को देखते हुए समीपवर्ती गांवों की मितानिनों को बुलाया गया है। सभी मितानिनों को अलग-अलग वार्डों की जिम्मेदारी सौंपकर जांच कार्य कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सारंगढ़ शहरी क्षेत्र में कुष्ठ जांच का कार्य कल भी जारी रहेगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े हेमंत कुमार तिवारी (NMA) एवं जगमोहन केरकेट्टा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आम नागरिकों से जांच में सहयोग करने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।




