सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 24 दिसंबर 2025 को की गई, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मडकडी में पटेल किराना दुकान के पास एक व्यक्ति व्हाट्सएप के माध्यम से अंकों वाली सट्टा पट्टी लिखकर लोगों से पैसे लेकर जुआ खिला रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक गस्ती क्रमांक 106 किशोर खटकर हमराह स्टाफ एवं साइबर टीम के साथ जुर्म-जरायम की पतासाजी पर रवाना थे। मुखबिर की सूचना के आधार पर राहगीर गवाहों को साथ लेकर ग्राम मडकडी में बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। मौके पर एक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से व्हाट्सएप पर सट्टा संदेश भेजते हुए पाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम लक्ष्मीनारायण खुटे पिता रामचंद खुटे, उम्र 33 वर्ष, निवासी परसाडीह थाना बिलाईगढ़ बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन पुराने इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन जब्त किए, जिनकी कुल कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है। जब्त मोबाइलों में एक POCO M2, एक POCO M6 Pro 5G तथा एक iPhone 12 शामिल है। जांच के दौरान मोबाइल फोन में व्हाट्सएप चैट के माध्यम से सट्टा अंकों के संदेश और पैसों के लेन-देन के प्रमाण मिले, जिनके स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित किए गए।
आरोपी से पूछताछ में उसने व्हाट्सएप के जरिए सट्टा लिखने और फोन-पे जैसे डिजिटल माध्यम से रकम प्राप्त करने की बात स्वीकार की। मौके पर ही आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी तथा देहाती नालसी के आधार पर बाद में थाना आकर नियमित अपराध दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा एवं जुआ गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और इस प्रकार के अवैध कृत्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









Users Today : 32
Users Yesterday : 201
Users Last 7 days : 1423
Users Last 30 days : 3284