पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प….
बिलाईगढ़:-पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गायत्री परिवार पवनी द्वारा गढ़ टीकरा एवं मटखनवा तालाब परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों स्थानों पर मिलाकर 201 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
वृक्षारोपण के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनकी सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लगातार घटते हरित क्षेत्र, बढ़ते प्रदूषण एवं बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों को देखते हुए अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करना आवश्यक है।
गायत्री परिवार पवनी द्वारा किए गए इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी है। तालाब एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण से आने वाले समय में पर्यावरण को लाभ मिलने के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार के सदस्यों ने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, छाया और बेहतर पर्यावरण का आधार बनेगा।
201 पौधों के रोपण के साथ गायत्री परिवार पवनी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समाज को सकारात्मक संदेश दिया।




