बिलाईगढ़-विकासखंड स्तरीय निशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला एवं जागरूकता शिविर का आयोजन शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेलटीकरी के प्रांगण में किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 657 लोगों ने निःशुल्क जांच एवं उपचार का लाभ उठाया। क्षेत्र में पहली बार इस तरह के व्यापक आयुष शिविर का आयोजन होने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग शिविर स्थल पर पहुंचकर पंजीयन कराते नजर आए।
शिविर प्रभारी डॉ. अर्चना खटी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आमजन को सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर के दौरान बच्चों के लिए 208 सुवर्ण प्राशन संस्कार कराए गए, जिससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इसके अलावा 123 मरीजों का होम्योपैथी पद्धति से उपचार किया गया, जबकि 103 लोगों का वजन मापन कर उन्हें पोषण संबंधी आवश्यक सलाह दी गई। आयुर्वेद पद्धति के अंतर्गत 223 लोगों का उपचार किया गया, जिसमें सर्दी-खांसी, जोड़ों का दर्द, पाचन संबंधी समस्याएं, त्वचा रोग सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच कर दवाइयां वितरित की गईं।शिविर के दौरान उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों द्वारा लोगों को योग, दिनचर्या, संतुलित आहार तथा आयुष पद्धतियों के लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि नियमित रूप से आयुर्वेद एवं होम्योपैथी अपनाकर कई रोगों से बचाव किया जा सकता है।
इस सफल आयोजन में होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. टंकेश्वरी मिश्रा, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. ओमविजय साहू, डॉ. खुश्बू ईजारदार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। ग्रामीणों ने शिविर की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों की निरंतरता की मांग की।










Users Today : 11
Users Yesterday : 201
Users Last 7 days : 1402
Users Last 30 days : 3263